
जयपुर,, के पुलिस थाना करधनी इलाके में कलश यात्रा के दौरान एक रिटायर्ड फौजी ने हवाई फायरिंग की। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिटायर्ड फौजी को गिरफ्तार कर लिया। लाइसेंसी बंदूक और कारतूस के 3 खाली खोल जब्त किए गए है हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रघुवीर सिंह (41) पुत्र रिछपाल सिंह नीमकाथाना सीकर का रहने वाला है। जो अभी जयपुर के गोविन्दपुरा सिरसी लिंक रोड करधनी में रहता है। आर्मी से रिटायर्ड है। रविवार दोपहर गोविन्दपुरा सिरसी रोड पर माताजी की कलश यात्रा निकल रही थी। इसमें काफी संख्या में महिला-पुरूष शामिल थे दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली कि कलश यात्रा के दौरान एक व्यक्ति बंदूक से हवाई फायर कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची तो ग्रीन सिटी-16 कॉलोनी के बाहर कलश यात्रा जाती दिखी। यात्रा में एक व्यक्ति के हाथ में बंदूक थी। जो पुलिस को देखकर भीड़ में खिसकने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसको पकड़ लिया यात्रा में मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी रघुवीर सिंह ने 2-3 हवाई फायर किए हैं। लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर करने के बारे में पूछने पर बोला- कलश यात्रा में मेरे से दुश्मनी रखने वाले कॉलोनी के कई लोग हैं। अपना प्रभाव दिखाने और डराने के लिए हवाई फायर किए। पुलिस ने आरोपी रघुवीर सिंह को गिरफ्तार किया। जिससे लाइसेंसी बंदूक और उसकी जेब में मिले कारतूस के तीन खाली खोल बरामद किए गए